सीएमओ में नई जमावट सिंहस्थ की कमान मंडलोई के पास, कृषक कल्याण वर्ष की जिम्मेदारी आलोक सिंह को

सीएमओ में नई जमावट सिंहस्थ की कमान मंडलोई के पास, कृषक कल्याण वर्ष की जिम्मेदारी आलोक सिंह को
भोपाल यश भारत। मुख्यमंत्री कार्यालय सीएमओ में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जिम्मेदारियों का पुनर्विभाजन किया गया है। आईएएस अधिकारियों कौशलेंद्र विक्रम सिंह और सुधीर कोचर के टीम में शामिल होने के बाद अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने यह नई कार्य व्यवस्था लागू की है। अपर मुख्य सचिव मंडलोई, जो सीएमओ के समग्र प्रभारी हैं उन्होंने वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले सिंहस्थ मेले के सफल आयोजन की जिम्मेदारी अपने पास रखी है। वहीं सचिव आलोक सिंह को कृषक कल्याण वर्ष का दायित्व सौंपा गया है, जो अब तक किसी अधिकारी को आवंटित नहीं था। नव नियुक्त सचिव कौशलेंद्र विक्रम सिंह को सीएमओ की विजिलेंस शाखा का प्रभारी बनाया गया है। साथ ही उन्हें गंभीर श्रेणी की शिकायतों के निराकरण और संबंधित सूचनाओं पर कार्रवाई प्रतिवेदन तैयार करने की अहम जिम्मेदारी भी दी गई है। गुरुवार को जारी आदेश के तहत मुख्यमंत्री कार्यालय के 20 से अधिक अधिकारियों को विभिन्न विभागीय दायित्व सौंपते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित किया गया है।इन अधिकारियों को भी मिली जिम्मेदारी मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अजात शत्रु श्रीवास्तव, राजेश हिंगणकर, अपर सचिव मनीष पांडेय, उप सचिव आदित्य कुमार शर्मा, अवर सचिव संदीप अष्ठाना, आशीष कुमार, श्रीलेखा श्रोतिय, आशुतोष गोस्वामी, केवलराम धुर्वे, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी को भी अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।







