तीन दिन से लीक नर्मदा पाइपलाइन, हजारों लीटर पानी बर्बाद निगम की लापरवाही उजागर

तीन दिन से लीक नर्मदा पाइपलाइन, हजारों लीटर पानी बर्बाद निगम की लापरवाही उजागर
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल में जल प्रबंधन को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। रेत घाट स्थित नर्मदा पाइपलाइन पिछले तीन दिनों से लगातार लीक हो रही है जानकारी के अनुसार रेत घाट क्षेत्र में राजा भोज सेतु ब्रिज के सामने पुलिस चौकी के पास नर्मदा पाइपलाइन के वाल के पास से लगातार पानी रिस रहा है। पाइपलाइन से तेज़ी से पानी बहने के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई है स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से यह समस्या बनी हुई है लेकिन नगर निगम और संबंधित विभाग के अधिकारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। भीषण गर्मी के दौर में एक ओर जहां शहर के कई हिस्सों में पानी की किल्लत बनी रहती है वहीं दूसरी ओर इस तरह हजारों लीटर पानी का व्यर्थ बहना गंभीर चिंता का विषय है।
निगम की इस उदासीनता को लेकर नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
फिलहाल नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक हरकत में आता है और इस गंभीर समस्या का समाधान करता है।







