भोपाल में 40 पेटी अवैध शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त, पीछा करने पर डिवाइडर से टकराई गाड़ी, देखे वीडियो

भोपाल में 40 पेटी अवैध शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त, पीछा करने पर डिवाइडर से टकराई गाड़ी, देखे वीडियो
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल की कजलीखेड़ा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 पेटी शराब से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान भागने के चक्कर में आरोपी चालक का वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे चालक को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कजलीखेड़ा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन का पीछा किया।
तेज रफ्तार में भागने के प्रयास में स्कॉर्पियो डिवाइडर से जा टकराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें से लगभग 40 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर लिया है।
हादसे में घायल चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस अवैध परिवहन के पीछे शामिल पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







