भोपालमध्य प्रदेश

व्यापारिक धोखाधड़ी के आरोपी को क्राइम ब्रांच ने ग्वालियर से पकड़ा, ₹35 लाख हड़पने पर 10 हजार का था इनाम

व्यापारिक धोखाधड़ी के आरोपी को क्राइम ब्रांच ने ग्वालियर से पकड़ा, ₹35 लाख हड़पने पर 10 हजार का था इनाम

भोपाल, यशभारत। भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस टीम ने 35.05 लाख रुपये की व्यापारिक धोखाधड़ी कर फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी नागेंद्र सिंह भदौरिया को ग्वालियर के ग्राम उटीला से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री मां मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड और पॉलीश्री प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी नागेंद्र सिंह भदौरिया निवासी उटीला, मुरार, ग्वालियर ने अपनी कंपनी वसुंधरा पॉलीसैक प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से प्लास्टिक सीमेंट बैग बनाने के लिए प्लास्टिक दाना खरीदने का अनुबंध किया था।

शुरुआत में आरोपी ने समय पर भुगतान कर कंपनी का विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद उसने बड़ी मात्रा में उधारी पर माल प्राप्त किया। रिकॉर्ड के अनुसार, कुल 39,79,051 रुपये के सप्लाई किए गए माल में से आरोपी ने केवल करीब 5 लाख रुपये का ही भुगतान किया और शेष ₹35,05,928 हड़प लिए। भुगतान मांगे जाने पर आरोपी टालमटोल करने लगा और फरार हो गया।

शिकायत की जांच के बाद क्राइम ब्रांच भोपाल ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपी के लगातार फरार रहने पर पुलिस अधिकारियों द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

4 सितंबर को क्राइम ब्रांच टीम ने सटीक सूचना और घेराबंदी के आधार पर आरोपी नागेंद्र सिंह भदौरिया को उसके गांव उटीला (ग्वालियर) से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी इंदौर के क्राइम ब्रांच थाने और ग्वालियर के गोला का मंदिर थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button