नशीले इंजेक्शन बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 24 इंजेक्शन जब्त
फ्रिज में रखे मिले इंजेक्शन

जबलपुर, यश भारत। गोरखपुर पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की बिक्री के आरोप में सेठीनगर निवासी बड़कू सोनकर (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 24 नशीले इंजेक्शन और बिक्री के 3,950 रुपये जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर से नशीले इंजेक्शन बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर घर की तलाशी ली। इस दौरान फ्रिज में रखे एक थैले से बुप्रेनोरफिन के 11 और फेनिरामाइन मैलेट के 13 इंजेक्शन मिले।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि नशे के आदी लोग उससे इंजेक्शन खरीदने आते थे और वह उन्हें महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, सट्टा, एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी नितिन कमल सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।







