भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में मामूली विवादों ने लिया खूनी रूप, दो थाना इलाकों में छुरियों से जानलेवा हमला, तीन घायल

भोपाल में मामूली विवादों ने लिया खूनी रूप, दो थाना इलाकों में छुरियों से जानलेवा हमला, तीन घायल

भोपाल, यशभारत। राजधानी के दो अलग-अलग थाना इलाकों में मामूली विवाद और पैसों के लेनदेन की बात पर बदमाशों ने खूनी खेल खेला। दोनों ही घटनाओं में छुरियों से प्राणघातक हमले किए गए, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

पहली वारदात हनुमानगंज थाना इलाके के काजी कैंप की है। यहाँ पुरानी रंजिश को लेकर मोहम्मद नासिर और उनके छोटे भाई अफजल का विवाद आमिर बेग और असद उर्फ भूरा से हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी भूरा ने अफजल को दबोच लिया और आमिर ने जान से मारने की नीयत से उसके पेट में छुरी घोंप दी। भाई को लहूलुहान देख जब नासिर बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर भी छुरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी हथेली में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आमिर और भूरा के खिलाफ हत्या का प्रयास के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं दूसरी वारदात कजलीखेड़ा थाना इलाके की है, जहाँ पैसों के लेनदेन की बात पर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहाँ इमरत तोमर नाम के व्यक्ति के साथ दिनेश अहिरवार, ज्ञान सिंह अहिरवार और राहुल का विवाद हो गया था। आरोपियों ने पहले इमरत के साथ गाली-गलौज की और जब उसने विरोध किया, तो तीनों ने मिलकर छुरी से उस पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में इमरत गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button