तीर्थ दर्शन योजना के लाभार्थियों से मंत्री विश्वास सारंग का वर्चुअल संवाद

तीर्थ दर्शन योजना के लाभार्थियों से मंत्री विश्वास सारंग का वर्चुअल संवाद
नरेला के वरिष्ठजन 23 मार्च को अयोध्या धाम के लिए होंगे रवाना, विशेष ट्रेन से करेंगे प्रभु श्रीराम के दर्शन
भोपाल यश भारत । सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के अंतर्गत अयोध्या धाम की यात्रा पर जा रहे नरेला विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा को मंगलमय होने की कामना की। मंत्री सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना प्रदेश सरकार की संवेदनशील सोच और वरिष्ठजनों के सम्मान का प्रतीक है। इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों को जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर आध्यात्मिक संतोष और प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है , संवाद के दौरान लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मंत्री सारंग के प्रति आभार व्यक्त किया। सभी तीर्थयात्री 23 मार्च को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन के जरिए अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे। मंत्री सारंग ने बताया कि इस यात्रा में नरेला विधानसभा क्षेत्र के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजन शामिल हो रहे हैं। शासन द्वारा यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता, चाय, आवास एवं तीर्थस्थलों तक आवागमन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।







