कांग्रेस के चक्काजाम प्रदर्शन पर मंत्री विश्वास सारंग का पलटवार बोले भाजपा सरकार हर स्तर पर किसानों के हित में कर रही काम

कांग्रेस के चक्काजाम प्रदर्शन पर मंत्री विश्वास सारंग का पलटवार
बोले भाजपा सरकार हर स्तर पर किसानों के हित में कर रही काम
भोपाल यश भारत। आगरामुंबई नेशनल हाईवे पर कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए चक्का जाम प्रदर्शन को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा किसान हितैषी रही है और सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने और उन्हें हर संभव लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उपार्जन व्यवस्था खाद बीज उपलब्ध कराने और कृषि से जुड़ी अन्य योजनाओं में सरकार लगातार किसानों के हित में निर्णय ले रही है। सारंग ने दावा किया कि प्रदेश में हर स्तर पर किसान कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष हमेशा अराजकता फैलाने की राजनीति करता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल पूछा कि अपनी 15 महीने की सरकार के दौरान उन्होंने किसानों का कर्ज पूरी तरह माफ क्यों नहीं किया। सारंग ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों में संघर्ष पैदा करना और सनसनी फैलाना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है लेकिन प्रदेश का किसान भाजपा सरकार के साथ खड़ा है।







