भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

गोपालक सम्मेलन: दुग्ध संघों और गौशालाओं को मिला ₹15.10 करोड़ का बोनस

गोपालक सम्मेलन: दुग्ध संघों और गौशालाओं को मिला ₹15.10 करोड़ का बोनस

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और सहकारिता आंदोलन को नई गति देने के उद्देश्य से भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह  ने बटन दबाकर प्रदेश के दुग्ध संघों और गौशालाओं के खातों में ₹15.10 करोड़ की सहायता व बोनस राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की।

सम्मेलन के दौरान दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और समझौते किए गए। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने ₹255 करोड़ की लागत से बनने वाले उज्जैन के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का भूमिपूजन किया। शुरुआत में इस प्लांट की प्रसंस्करण क्षमता 3 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन किया जाएगा।

गौपालकों के लिए बड़ी घोषणाएं
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पशुपालकों और गौशालाओं के प्रोत्साहन के लिए कई घोषणाएं कीं:

गौशालाओं में प्रति गौवंश मिलने वाला शासकीय अनुदान बढ़ाकर ₹40 प्रतिदिन कर दिया गया है।
25 गाय रखने वाले पशुपालकों को ₹10 लाख तक की सरकारी मदद दी जाएगी।
मुर्रा भैंस के पालन और नस्ल सुधार पर भी विशेष अनुदान का प्रावधान किया गया है।

दूध संग्रहण 50 लाख लीटर पहुंचाने का लक्ष्य
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि मध्य प्रदेश में आने वाले वर्षों में प्रतिदिन दूध संग्रह को 50 लाख लीटर तक पहुंचाने की कार्ययोजना बनाई गई है। वहीं, भोपाल को हरा-भरा बनाने के लिए KRIBHCO और मध्य प्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड के बीच मोरवन प्रोजेक्ट के तहत नगर वन विकसित करने का समझौता (MoU) भी हुआ। इसके अलावा भेल मैदान में नए आपराधिक कानूनों से जुड़ी एक राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button