देश

आधी रात की आग ने उजाड़ दिया परिवार: झुग्गियों में लगी भीषण आग, पति-पत्नी और मासूम की मौत

दिल्ली के रोहिणी में दर्दनाक हादसा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। करीब आधा दर्जन झुग्गियां भीषण आग की चपेट में आ गईं, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी 2 साल की मासूम बच्ची शामिल हैं।

आग ने मचाया तांडव

बताया जा रहा है कि करीब 400 गज के प्लॉट में प्लास्टिक कबाड़ रखा हुआ था, जिसके पास ही कई झुग्गियां बनी थीं। देर रात अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।

घंटों की मशक्कत के बाद काबू

आग इतनी भयानक थी कि दमकल कर्मियों को इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर दमकल सेवा, स्थानीय पुलिस, CATS (केंद्रीकृत दुर्घटना एवं ट्रॉमा सेवा) और बिजली विभाग की टीमें तुरंत पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

6 दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग

फायर ऑफिसर अजय शर्मा के मुताबिक, आग रात करीब 1:25 बजे लगी थी। सूचना मिलते ही 6 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

एक परिवार खत्म

इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जिससे इलाके में मातम का माहौल है। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button