भोपाल में पारा लुढ़ककर 15.2 डिग्री पर पहुँचा, पचमढ़ी में दिन सबसे ठंडा

कंपकपी बढ़ी: भोपाल में पारा लुढ़ककर 15.2 डिग्री पर पहुँचा, पचमढ़ी में दिन सबसे ठंडा
भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड ने अपनी दमदार दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय और मैदानी इलाकों में तापमान में अचानक आई इस गिरावट से सुबह और रात के समय सिहरन बढ़ गई है।
राजधानी भोपाल के बैरागढ़ मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि यहाँ अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, इंदौर में रात का पारा 16 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.5 डिग्री नीचे है, और दिन का तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया।
पचमढ़ी में सबसे कम रहा दिन का पारा
पर्यटन नगरी पचमढ़ी में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है, जहाँ अधिकतम तापमान गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया, जो प्रदेश के सभी सूचीबद्ध केंद्रों में सबसे कम है। इसके अलावा बैतूल में दिन का पारा 27.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 28.4 डिग्री और जबलपुर में 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि होशंगाबाद और रतलाम में अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक दर्ज हुआ।
दमोह में सबसे सर्द रात, कई जिलों में पारा सामान्य से नीचे
न्यूनतम तापमान के मामले में दमोह सबसे आगे रहा, जहाँ पारा सबसे कम 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सागर और मंडला में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री, उज्जैन में 17 डिग्री और सतना में 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक श्योपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री, खंडवा में 4.1 डिग्री और नरसिंहपुर में 4 डिग्री तक कम रहा है। फिलहाल पूरे प्रदेश में बारिश दर्ज नहीं की गई है, लेकिन तापमान में आई इस गिरावट के चलते लोगों ने गर्म कपड़े निकालना शुरू कर दिया है।







