एमडी ड्रग तस्करी मामला: शहर के पब-कैफे संचालकों पर भी पुलिस कसेगी शिकंजा, महाकौशल के विधायक का बेटा भी रडार पर -राजस्थान में एमडी ड्रग तस्कर के ठिकानों पर क्राइम ब्रांच की दबिश

एमडी ड्रग तस्करी मामला:
शहर के पब-कैफे संचालकों पर भी पुलिस कसेगी शिकंजा, महाकौशल के विधायक का बेटा भी रडार पर
-राजस्थान में एमडी ड्रग तस्कर के ठिकानों पर क्राइम ब्रांच की दबिश
-आरोपी यासीन के दो करीबियों से भी पूछताछ
भोपाल यशभारत।
राजधानी की क्राइम ब्रांच पुलिस ने एमडी ड्रग तस्करी के मामले में भाजपा नेता के बेटे यासीन और भाई शाहवर को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस इन दोनों आरोपियों के करीबी पब और कैफे संचालकों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। पुलिस को मामले की जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी यासीन इन पब व कैफे में एमडी ड्रग खपाने का काम करता था। इधर, क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी को लेकर राजस्थान पहुंची। जहां पर एमडी ड्रग की तस्करी करने वाले के ठिकानों पर दबिश दी है। पुलिस ने यासीन और शाहवर के कुछ करीबियों को भी पूछातछ के लिए क्राइम ब्रांच बुलाया है। पुलिस को अंदेशा है कि इन लोगों से पूछताछ के दौरान एमडी ड्रग की तस्करी से जुड़े कई राज सामने आ सकते हैं। इस मामले में महाकौशल के एक भाजपा विधायक का बेटा भी पुलिस के रडार पर है।
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच को आरोपी यासीन और शाहवर के मोबाइल में कुछ लोगों के साथ हुए पैसों के ट्रांजेक्टशन की जानकाारी मिली है। जिसके आधार पर पुलिस ने उन लोगों के बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। खातों की जानकारी मिलने के बाद ऑनलाइन लेन-देन करने वालों से भी पूछताछ की जाएगी। इतना ही नहीं पुलिस उनके पास से एमडी भी बरामद की है। अभी फिलहाल दोनों चाचा-भतीजे पुलिस की रिमांड पर हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ करने में जुटी हुई है। इस मामले में अब महाकौशल के एक भाजपा विधायक के बेटे की मुश्किलें भी अब बढ़ सकती हैं। क्योंकि विधायक का बेटा अपने क्षेत्र में पब व कैफे संचालिक है।
मोहित के बाद सबसे बड़ा राजदार पकड़ाया
इससे पहले शहर के चर्चित लव जिहाद और अब ड्रग तस्कर में सबसे बड़ा नाम गौरव चौहान का सामने आया था। शारिक मछली का सबसे बड़ा राजदार गौरव चौहान उर्फ नानखटाई ही है। क्योंकि इससे पहले उसका नाम लव जिहाद में सामने आया था। वह महाकोशल के मंत्री का करीबी भी बताया जाता है। क्योंकि गौरव के सोशल मीडिया अकाउंट में अपने साथ मंत्री, उनके भाई की तस्वीरें भी सोशल मीडियो पर पोस्ट की हैं। ऐसे में अब पुलिस गौरव चौहान से लगातार पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस ने सौरभ शर्मा और क्लब 90 का मैनेजर मोहित बघेल से भी पूछताछ करने में जुटी हुई है। जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके।
वीडियो में दिखाई दे रही युवती की हुई पहचान-
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यासीन के मोबाइल से पुलिस को एक वीडियो मिला है। इस वीडियो में दो लडक़ों की मौजूदगी में यासीन उस युवती के साथ अश्लील हरकतें कर रहा है। वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने पीडि़ता की पहचान कर ली है। अब पुलिस उसकी पीडि़ता के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस अफसरों का कहना है कि अगर पीडि़ता शिकायत करती है, तो कार्रवाई करेगी। इसके अलावा भी पुलिस को जो वीडियो मिले हैं, जिसके आधार पर पीडि़त लडक़े-लड़कियों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा पुलिस को उसके मोबाइल से दर्जनभर क्लिप मिली हैं। जिसमें वह लड़कियों के साथ आपत्तिजनक हालत में है।
मीडियाकर्मी के नाम का पास आरोपी की गाड़ी पर मिला-
आरोपी यासीन की गाड़ी पर विधानसभा सत्र का पास लगा हुआ था। जब पुलिस ने पास के संबंध में जानकारी निकाली तो पता चला कि उक्त पास एक मीडियाकर्मी के नाम से जारी हुआ था। अब वह मीडियाकर्मी कौन है, इसका पता लगाने में पुलिस जुट गई है। इसलिए माना जा रहा है कि पुलिस अब मीडियाकर्मी से भी पूछताछ कर सकती है।
राजस्थान में दबिश, तस्करी की तलाश-
पुलिस को आरोपी शाहवर ने राजस्थान के एक तस्कर से एमडी ड्रग खरीदने की जानकारी दी थी। इसके क्राइम ब्रांच की एक टीम आरोपी शाहवर को लेकर राजस्थान पहुंची। जहां पर पुलिस ने आरोपी शाहवर के बताए पते पर ड्रग तस्कर के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। अब पुलिस आरोपी शाहवर को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं आरोपी यासीन का रिमांड कल खत्म होने वाला है, लेकिन पुलिस आरोपी याशीन को एक बार फिर पूछताछ के लिए रिमांड पर ले सकती है।





