राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में कटनी में बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन, मांगों को लेकर की आवाज बुलंद

कटनी, यशभारत। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर आज 11 सितंबर को देशभर के विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारी राष्ट्रव्यापी एकदिवसीय बैंक हड़ताल पर रहे। हड़ताल के समर्थन में कटनी में भी विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारियों ने एकजुट होकर SBI मेन ब्रांच, कटनी में प्रातः 10:00 बजे से नारेबाजी एवं जोरदार प्रदर्शन किया।
देशव्यापी हड़ताल के माध्यम से पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने तथा इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) द्वारा दिए गए प्रस्तावित भेदभावपूर्ण परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) का विरोध एवं बैंक कर्मचारियों तथा अधिकारियों से संबंधित अन्य लंबित मुद्दों के शीघ्र एवं सकारात्मक निराकरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
इस अवसर पर UFBU कटनी इकाई के संयोजक श्री प्रभात मिश्रा ने कहा कि देश के बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी बैंकिंग व्यवस्था की रीढ़ है और देश की अर्थव्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों की व्यापक सहभागिता ने बैंकिंग बिरादरी की एकजुटता को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि लंबित मुद्दों के सकारात्मक एवं शीघ्र निराकरण की अपेक्षा है, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।हड़ताल के पश्चात यदि लंबित मुद्दों का निराकरण नहीं किया जाता है, तो 28. 29 एवं 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद भी यदि लंबित मुद्दों का सकारात्मक एवं संतोषजनक निराकरण नहीं किया जाता है, तो दिनांक 26 अक्टूबर से बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में कटनी स्थित सभी बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा हड़ताल एवं प्रदर्शन को अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया। प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए एकजुटता का प्रदर्शन किया।
UFBU कटनी इकाई ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने में सहयोग एवं सहभागिता प्रदान करने वाले सभी बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा समस्त बैंकिंग बिरादरी के प्रति आभार व्यक्त किया।







