कटनी

निजी जमीन बताकर पंचायत भवन पर जड़ दिया ताला, सरपंच, उपसरपंच, सचिव एवं पंचों से अभद्रता की महिला ने, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के ग्राम पंचायत कटरिया का मामला

कटनी, यशभारत। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत कटरिया के सरकारी भवन पर ताला जडऩे का मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने यह कहते हुए पंचायत भवन इसकी निजी जमीन पर बना है, ताला लगा दिया है। महिला ने इसके पहले पंचायत भवन के अंदर घुसकर जमकर हंगामा मचाया और पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ बदतमीजी भी की। इसके बाद पंचायत भवन में ताला लगा दिया। ताला लगने के बाद ग्राम विकास के कार्य ठप हो गए हैं। इसके अलावा आगामी 20 अपै्रल को संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा अनावरण समारोह के आयोजन पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है। खास बात यह है कि इस घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को दिए जाने के बाद भी अधिकारियों ने अब तक न तो कोई संज्ञान लिया है और न ही कार्रवाई की है। संभवत: पूरे प्रदेश में इस तरह का यह मामला होगा, जब पंचायत भवन की जमीन को निजी बताकर उसमे ताला लगा दिया गया होगा। इस घटना के बाद प्रशासन में हडक़म्प मचा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच की बात कह रहे हैं। जांच में राजस्व रिकार्ड की जांच की जाएगी और इसके बाद ही कोई निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। जनपद पंचायतढीमरखेड़ा केअंतर्गत ग्राम पंचायत कटारिया की सरपंच श्रीमती ताराबाई झारिया एवं पंचायत के प्रतिनिधियों ने विगत 11 मार्च को अनुविभागीय अधिकारी एवं दण्डाधिकारी को पत्र लिखकर यह जानकारी दी थी कि गांव की एक महिला ने पंचायत भवन में घुसकर पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ अशोभनीय व्यवहार किया। शिकायत में कहा गया है कि गांव में ही रहने वाले शेषनारायण की पत्नी नानबाई ने इसके पहले बाजार में उप सरपंच से भी अभद्रता की। कुछ समय पहले शेषनारायण ने गांव के मंगल भवन में भी ताला लगा दिया था। इसके बाद पंचायत भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया। महिला का कहना है कि ग्राम पंचायत मेरी जमीन पर बना है। इसके भूस्वामी हम है। इस घटना के बाद से ही ग्राम पंचायत का कामकाज ठप हो गया है। सरपंच, सचिव व पंचों ने प्रशासन से गेट का ताला खुलवाने की गुहार लगाई है।
घटना को 15 दिन बीते
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि इस घटना को 15 दिन से ज्यादा का समय बीत गया है। ग्राम पंचायत कटारिया भवन परिसर के अंदर मंगल भवन, पोस्ट ऑफिस और एक मंदिर भी स्थापित है। ग्राम पंचायत के मुख्य गेट पर ताला लगाने से शासकीय कार्य बाधित हो रहे हैं और इसके बाद भी अधिकारियों द्वारा अभी तक इस मामले में कोई रुचि नही दिखाई गई है।
कैसे होगी प्रतिमा अनावरण समारोह
आगामी 20 अप्रैल को ग्राम पंचायत कटारिया परिसर के अंदर बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया है और ग्राम पंचायत परिसर में डॉक्टर बाबा भीमराव अंबेडकर साहब की विशालकाय प्रतिमा का अनावरण होना है। मूर्ति स्थापना के लिए कार्यक्रम से पूर्व बैठक व तैयारी की जाना है। भीम आर्मी ने प्रतिमा स्थापित करने के लिए बकायदा ग्राम पंचायत कटारिया से अनुमति भी ली है लेकिन भूमि विवाद के चलते गेट में ताला बंद होने से कई सवाल खड़े हो रहे है।
मामले की जांच कराई जाएगी : सीईओ
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने यशभारत से बातचीत करते हुए कहा कि जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत कटरिया के सरकारी भवन पर ताला लगाने का मामला संज्ञान में आया है। अधीनस्थ अधिकारियों को मामले की जांच करने एवं दोषियों पर वैधानिक कार्यवाही के लिए कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button