व्यापारी के खाते से उड़ाए 3.14 लाख, कैमोर में ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ युवक

कटनी, यशभारत। कैमोर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। शातिर साइबर बदमाशों ने युवक के बैंक खाते से लाखों रुपये पार कर दिए। युवक ने कैमोर थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। कैमोर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार खलवारा बाजार निवासी विनीत गुप्ता पिता रामप्रसाद गुप्ता को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया। 12 अप्रैल की सुबह 10 बजे से लेकर 15 अप्रैल की दोपहर 3 बजे के बीच बदमाशों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया, जिसकी भनक तक पीडि़त को नहीं लगी। ठगों ने किस्तों में उसके बैंक खाते से 3 लाख 14 हजार रुपये गायब कर दिए। बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज जब युवक को मिला तो उसके पैरों तले से मानो जमीन खिसक गई। जब युवक ने बैंक से संपर्क किया, तब उसे ज्ञात हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है। बैंक से विस्तृत जानकारी लेने के बाद पीडि़त युवक यानी विनीत गुप्ता ने कैमोर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात यूपीआई खाताधारक के खिलाफ मामला कायम कर लिया है। कैमोर थाना पुलिस की माने तो मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी की यह वारदात किसी अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों के गिरोह के द्वारा करने की आशंका व्यक्त की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







