दोस्त के साथ निकले युवक की सडक़ हादसे में मौत, कलेक्ट्रेट के आगे दुर्घटना, जांच में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। अपने दोस्त के साथ पीरबाबा से घर जाने के लिए निकला एक नाबालिक माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मित्तल मॉल के समीप सडक़ हादसे का शिकार हो गया। बाइक चालक ने उसे इतनी जोरदार ठोकर मारी कि नाबालिक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक माधवनगर थाना क्षेत्र में देर रात मित्तल मॉल के पास हुए सडक़ हादसे में विश्राम बाबा निवासी 17 वर्षीय प्रशांत सेन पिता जगत नारायण सेन की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एस कुमार पतरोलिया पिता अमित पतरोलिया घायल हो गए। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशांत सेन अपने साथी एस कुमार पतरोलिया के साथ रात करीब 11 बजे घर लौट रहा था। इसी दौरान मित्तल मॉल के पास पीछे से आ रही मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर के बाद दोनों सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में प्रशांत सेन को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं एस कुमार पतरोलिया के हाथ पैर और पीठ में चोटें आई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। माधवनगर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माधवनगर और विजयराघवगढ़ में तीन सडक़ हादसे
माधवनगर और विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सडक़ हादसों में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक माधवनगर थाना क्षेत्र में हाट बाजार के सामने इमलिया रोड में भनपुरा नंबर 2 निवासी विसर्जन भूमिया सडक़ से गुजर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में वो गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसी तरह विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरुआ में रुरु बर्मन के घर के सामने रामलखन राठौर को बाइक ने ठोकर मार दी। हादसे में रामलखन घायल हो गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया दी है। एक अन्य हादसा गौरहा नाला के पास हुआ। नितेश उइके निवासी जबलपुर किसी काम से कटनी आए थे। इसी दौरान बाइक ने ठोकर मार दी। हादसे में नितेश घायल हो गए। उनकी शिकायत पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।







