भोपालमध्य प्रदेश

एमपी पुलिस में कांस्टेबल जीडी के 7,500 पदों पर निकली बंपर भर्ती, 22 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

एमपी पुलिस में कांस्टेबल जीडी के 7,500 पदों पर निकली बंपर भर्ती, 22 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश पुलिस में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपी ईएसबी) और पुलिस मुख्यालय द्वारा कांस्टेबल (जीडी) के कुल 7,500 पदों पर सीधी भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर 2026 से शुरू होंगे, जिसकी अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 तय की गई है। वहीं, भरे गए फॉर्म में संशोधन करने की सुविधा 22 सितंबर से 11 अक्टूबर तक मिलेगी। लिखित परीक्षा का आयोजन 19 नवंबर 2026 से राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

दो अलग-अलग संवर्गों में होंगी नियुक्तियां
कुल 7,500 पदों में से विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए 700 पद आरक्षित रखे गए हैं, जिनमें केवल पुरुष उम्मीदवार ही पात्र होंगे। वहीं, गैर-विशेष सशस्त्र बल / जिला बल के 6,800 पदों पर पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
भर्ती में शामिल होने के लिए सामान्य, एससी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों का न्यूनतम 10वीं पास होना अनिवार्य है, जबकि अनुसूचित जनजाति श्रेणी के उम्मीदवार 8वीं पास होने पर भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदकों के पास मध्य प्रदेश राज्य रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन होना अनिवार्य है। आयु सीमा की गणना 6 अक्टूबर 2026 के आधार पर होगी, जिसमें अनारक्षित वर्ग के पुरुषों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष तथा महिलाओं एवं आरक्षित श्रेणियों के लिए 38 वर्ष निर्धारित है।

चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहला चरण 100 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता, विज्ञान और सरल अंकगणित के प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा का स्तर 8वीं कक्षा का होगा और इसमें कोई निगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है। लिखित परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर पदों से सात गुना अभ्यर्थियों को दूसरे चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए चुना जाएगा, जो 100 अंकों की होगी।

वेतनमान और शुल्क
चयनित उम्मीदवारों को 19,500 से 62,000 रुपये का वेतनमान मिलेगा। आवेदन शुल्क के रूप में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 700 रुपये और मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 350 रुपये का भुगतान करना होगा। इसके अलावा कियोस्क या पोर्टल शुल्क अलग से देय होगा। इच्छुक उम्मीदवार परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए [एमपी ईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट](https://esb.mp.gov.in) पर जा सकते हैं।

48005dd3880719d3062b464f9d4020dc

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button