जबलपुरमध्य प्रदेश

मिलौनीगंज में देर रात भीषण अग्निकांड: 8 वाहन जलकर राख, छप्पर तोड़कर परिवार ने बचाई जान

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, 10 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान

जबलपुर, यशभारत। शहर के घनी आबादी वाले मिलौनीगंज क्षेत्र स्थित रूपरानी के बाड़े में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में घरों के बाहर खड़े आठ वाहन उसकी चपेट में आ गए और जलकर राख हो गए। आग की लपटें और वाहनों में हो रहे धमाकों की आवाज सुनकर क्षेत्र के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के दौरान एक परिवार को अपनी जान बचाने के लिए घर का छप्पर तोड़कर बाहर निकलना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 2 बजे अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। इसी दौरान बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़कने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े वाहनों और सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग बढ़ने के साथ ही वाहनों के टायर और अन्य हिस्सों में विस्फोट जैसे धमाके होने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था।

स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक मशक्कत कर आग पर नियंत्रण पाया। संकरी गलियों और घनी आबादी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वाहनों सहित घरेलू सामान भी जलकर खाक

इस अग्निकांड में दीपिका गुप्ता, उमाशंकर सोनी, राजेश ठाकुर, ब्रजेश श्रीवास्तव, रिंकू रैकवार सहित अन्य लोगों के वाहन पूरी तरह जल गए। आग की चपेट में आने से घरों के बाहर रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री भी नष्ट हो गई। प्रभावित परिवारों के अनुसार वर्षों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति कुछ ही देर में राख में बदल गई।

छप्पर तोड़कर निकले परिवार के सदस्य

घटना के दौरान एक मकान के चारों ओर आग और धुआं फैल जाने से परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए थे। हालात बिगड़ते देख परिजनों ने साहस का परिचय देते हुए मकान का छप्पर तोड़ा और उसी रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ देर और हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पूरे क्षेत्र में मचा रहा हड़कंप

आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। देर रात तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास के इलाकों से भी दिखाई दे रही थीं।

10 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों की जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button