भोपाल में ओवैसी के बयान के बाद हिंदू उत्सव समिति ने मांगी टी राजा की सभा की अनुमति

भोपाल में ओवैसी के बयान के बाद हिंदू उत्सव समिति ने मांगी टी राजा की सभा की अनुमति
भोपाल, यशभारत। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया भोपाल दौरे और उनके बयानों के बाद राजधानी में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। ओवैसी की सभा के जवाब में अब हिंदू उत्सव समिति ने भी फायरब्रांड नेता टी राजा सिंह की जनसभा आयोजित करने के लिए प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।
समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर आगामी 5 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित करने की औपचारिक अनुमति मांगी है। समिति ने आयोजन के लिए राजधानी के इकबाल मैदान, अग्रसेन चौक अथवा सेंट्रल लाइब्रेरी जैसे प्रमुख स्थानों का विकल्प रखा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मई महीने में भी टी राजा की एक सभा प्रस्तावित थी, जिसे सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
संत समाज आक्रामक, पुलिस से ओवैसी पर FIR की मांग
दूसरी ओर, असदुद्दीन ओवैसी के वक्तव्य पर संत समाज ने भी कड़ा एतराज जताया है। संत समाज के अध्यक्ष अनिलानंद महाराज ने स्पष्ट किया है कि ओवैसी के बयान से धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ओवैसी के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। संत समाज का कहना है कि यदि पुलिस इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज नहीं करती है, तो संत समाज के पदाधिकारी स्वयं थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करवाएंगे।







