जमीन नामांतरण के नाम पर घूसखोरी: तहसील कार्यालय से लोकायुक्त ने सहायक ग्रेड-3 को रंगे हाथों दबोचा

सागर, यशभारत lलोकायुक्त पुलिस सागर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बक्सवाहा तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नामांतरण के नाम पर मांगी थी 50 हजार की रिश्वत
जानकारी के अनुसार, आरोपी सहायक ग्रेड-3 राजन श्रीवास्तव ने फरियादी कृष्णकांत बिल्थरे से उनकी जमीन के नामांतरण (म्यूटेशन) के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ। इसमें से 10 हजार रुपये आरोपी पहले ही ले चुका था और शेष 15 हजार रुपये बाद में देना तय हुआ था।
दबिश देते ही मचा हड़कंप
फरियादी की शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त पुलिस की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को जैसे ही फरियादी 15 हजार रुपये की शेष राशि लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा और आरोपी को दिए, पूर्व से मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से तहसील परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई कर्मचारी इधर-उधर भागते नजर आए।
दस्तावेज और नकदी जब्त
लोकायुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है, साथ ही नामांतरण से जुड़े संबंधित दस्तावेजों को भी जांच के लिए जब्त किया है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त पुलिस की ओर से टीआई मंजू तिर्की, टीआई रंजीत सिंह, हेड कांस्टेबल शफीक खान, अजय शास्त्री और आरक्षक गोल्डी, अरविंद, निलेश, विक्रम, संतोष, आदेश तथा प्रदीप शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







