इंदौर में बसों में भीषण आग: वेल्डिंग के दौरान हुए 4 धमाके, पांच बसें जलकर खाक
रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप

इंदौर,यशभारत। इंदौर के नवलखा इलाके में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्किंग में खड़ी बसों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पांच बसों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगीं।
एक के बाद एक हुए 4 धमाके
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के दौरान एक के बाद एक चार तेज धमाके भी सुनाई दिए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने धमाकों की आवाज गैस सिलेंडर फटने जैसी बताई है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वेल्डिंग के दौरान लगी आग
घटना नवलखा क्षेत्र में तीन इमली के पास स्थित बस पार्किंग में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक यात्री बस में मरम्मत का काम चल रहा था और उसी दौरान वेल्डिंग की जा रही थी। आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से बस में आग लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में आसपास खड़ी अन्य बसों को भी चपेट में ले लिया।
मौके पर खड़ी थीं 20 से ज्यादा बसें
बताया जा रहा है कि हादसे के समय मौके पर 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग फैलते ही कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बाकी बसों को हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक पांच बसें आग की चपेट में आ चुकी थीं।
रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप
आग लगने के बाद आसपास की बस्ती में दहशत का माहौल बन गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़क पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
मामले में लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






