मुख्य ख़बरें

चलती कार में लगी भीषण आग : तीनों सवारों ने कूदकर बचाई जान, मच गया हड़कंप…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनी-मंडला मार्ग पर ग्राम छुई के पास शुक्रवार रात एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से मारुति सुजुकी इग्निस कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन लोग मारुति सुजुकी इग्निस कार में सवार होकर सिवनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम छुई के समीप अचानक कार के अंदर से धुआं उठने लगा। कार में धुआं भरता देख उसमें सवार लोगों को खतरे का अहसास हुआ और उन्होंने बिना देर किए कार से बाहर निकलना ही उचित समझा। तीनों के सुरक्षित बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद कार में आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने कार को जलते देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में कार का अधिकांश हिस्सा जल गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही।

घटना की सूचना मिलने पर कान्हीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट अथवा किसी अन्य कारण से आग लगने की आशंका के पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि कार में सवार तीनों लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। यदि आग लगने के दौरान वे कार के अंदर ही रह जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button