Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

ओडिशा से गांजा लाकर खपाने की तैयारी, 4 किलो गांजा सहित दो तस्कर गिरफ्तार

जबलपुर,यशभारत। नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में तिलवारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की बात बताई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि लम्हेटा बाईपास के पास दो संदिग्ध युवक गांजे की खेप लेकर ग्राहक के इंतजार में खड़े हैं। सूचना मिलते ही तिलवारा पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 4 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान दिनेश गोंड ठाकुर (28), निवासी क्रेशर बस्ती, तिलवारा और हिमांशु कश्यप (21), मूल निवासी सोनीपत हरियाणा, हाल निवासी क्रेशर बस्ती, तिलवारा के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गांजा ओडिशा से तस्करी कर जबलपुर लाए थे और इसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी में थे। बरामद गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तिलवारा में अपराध क्रमांक 366/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क और उनसे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक पी.एल. बंसल, सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष झारिया तथा आरक्षक शैलेंद्र पाटकर, देवा मिश्रा और दुर्गेश चौधरी की भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button