उतरप्रदेशदेश

चिनहट के हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में भड़की भीषण आग, दूर-दूर तक दिखीं लपटें;

 आसपास के घर खाली कराए गए

लखनऊ,यशभारत। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आग की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। रविवार सुबह राजधानी के चिनहट स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुआं करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब छह बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने कोल्ड स्टोरेज से धुआं उठता देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा कोल्ड स्टोरेज धू-धू कर जलने लगा।

सूचना पर फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के मकानों को खाली करा दिया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

दयाल रेजीडेंसी के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज से सटे सभी मकानों को तत्काल खाली कराया गया। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह के औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं होने चाहिए। लोगों ने प्रशासन से कोल्ड स्टोरेज को यहां से हटाने की मांग भी की।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button