20 वर्षों की परंपरा: राइट टाउन स्टेडियम परिवार की 40वीं त्रिपुर सुंदरी पदयात्रा हर्षोल्लास के साथ संपन्न
जबलपुर

20 वर्षों की परंपरा: राइट टाउन स्टेडियम परिवार की 40वीं त्रिपुर सुंदरी पदयात्रा हर्षोल्लास के साथ संपन्न
जबलपुर। राइट टाउन स्टेडियम परिवार द्वारा आयोजित त्रिपुर सुंदरी पदयात्रा इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। नवरात्रि के पावन अवसर पर यह पदयात्रा प्रातः 7 बजे महाकौशल अस्पताल के सामने से प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
खेल रख-रखाव समिति एवं राइट टाउन स्टेडियम परिवार के अध्यक्ष श्री संतोष विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पदयात्रा हर वर्ष चैत्र नवरात्र और शारदीय नवरात्र में आयोजित की जाती है। पिछले 20 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही यह यात्रा इस वर्ष अपनी 40वीं कड़ी में प्रवेश कर चुकी है।
इस धार्मिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य संस्कारधानी जबलपुर में सुख, समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना करना है। साथ ही श्रद्धालु माता रानी से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए आशीर्वाद भी प्राप्त करते हैं।
यात्रा के दौरान शहर के महापौर जगत बहादुर अन्नू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, जूस एवं अन्य प्रसाद की व्यवस्था की गई। जगह-जगह माता रानी का भव्य स्वागत भी किया गया।
इस पदयात्रा की विशेष बात यह रही कि इसमें छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे आयोजन का धार्मिक और सामाजिक महत्व और अधिक बढ़ गया।






