अमानक पानी के पाउच पर बड़ी कार्रवाई, 515 बोरी जब्त, फैक्ट्री सील
विजयनगर क्षेत्र में स्थित पंकज ट्रेडिंग कंपनी पर दबिश

जबलपुर,यशभारत। इंदौर में दूषित पानी को लेकर हुए बवाल के बाद जबलपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक और अमानक पानी के पाउच के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने इस बार पानी के पाउच को टारगेट करते हुए विजयनगर स्थित एक फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम की टीम ने विजयनगर क्षेत्र में स्थित पंकज ट्रेडिंग कंपनी पर दबिश दी। जांच में पाया गया कि फैक्ट्री में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग किया जा रहा था। नियमों के अनुसार 120 माइक्रॉन तक के सिंगल यूज डिस्पोजेबल और पानी के पाउच पर प्रतिबंध है, जबकि यहां मात्र 65 माइक्रॉन के पाउच में पानी भरा जा रहा था।
इतना ही नहीं, फैक्ट्री में डायरेक्ट बोरिंग से बिना किसी फिल्टर प्रक्रिया के अमानक पानी भरकर उसे बाजार में बेचा जा रहा था। यह पानी स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। नगर निगम की टीम ने मौके से 515 बोरी पानी के पाउच जब्त किए और लगभग एक लाख रुपये का स्पॉट फाइन लगाया। साथ ही फैक्ट्री और मशीनों को सील करने की कार्रवाई भी की जा रही है।







