600 किलो गांजा तस्करी का मुख्य आरोपी पटना से गिरफ्तार, तीन दिन की रिमांड पर

600 किलो गांजा तस्करी का मुख्य आरोपी पटना से गिरफ्तार, तीन दिन की रिमांड पर
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की जबलपुर इकाई ने करीब छह महीने से फरार चल रहे अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मुख्य आरोपी दिलीप कुमार (30 वर्ष) को बिहार के पटना शहर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पिछले साल दिसंबर में 600 किलोग्राम गांजा तस्करी का मामला दर्ज था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पिछले साल 25 दिसंबर 2025 को जबलपुर एसटीएफ की टीम ने अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घने जंगल के रास्ते से एक संदिग्ध ट्रक (संख्या JH-02-BL-7103) को पकड़ा था। जब इस ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसमें विशेष रूप से बनाए गए गुप्त केबिन (कंपार्टमेंट) से 600 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था। जब्त किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों धनंजय सिंह (निवासी सतना), अंकित विश्वकर्मा (निवासी सीधी) और राजेश लाल (निवासी गया, बिहार) को गिरफ्तार किया था। ये तीनों आरोपी फिलहाल जबलपुर की केंद्रीय जेल में बंद हैं। हालांकि, इस पूरे रैकेट का मुख्य मास्टरमाइंड दिलीप कुमार, जो कि मेंहदीगंज (पटना, बिहार) का रहने वाला है, घटना के बाद से ही पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। जिसे मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह भदौरिया और जबलपुर एसटीएफ एसपी नवीन कुमार चौधरी की टीम ने धर दबोचा। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे मध्य प्रदेश में कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।







