इश्क, रंजिश और कत्ल: किराना व्यापारी की हत्या का खुलासा

इश्क, रंजिश और कत्ल: किराना व्यापारी की हत्या का खुलासा
प्रेम त्रिकोण में प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर उतारा मौत के घाट
भोपाल, यश भारत। राजधानी के बैरसिया थाना इलाके में किराना व्यापारी हनीफ खान की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक हनीफ खान का संबंध सोना मीणा नाम की महिला से था। इसी दौरान सोना मीणा का संपर्क अनुरुद्ध यादव नाम के व्यक्ति से भी हो गया। जब अनुरुद्ध को हनीफ के बारे में पता चला, तो उसने हनीफ को रास्ते से हटाने की ठान ली और रंजिश पाल ली।
घटना वाले दिन शमशाबाद रोड पर अनुरुद्ध और सोना ने मिलकर हनीफ को रोका। विवाद के दौरान आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जब अनुरुद्ध ने हमला किया, तब सोना मीणा ने हनीफ के हाथ पकड़ लिए ताकि वह बच न सके। इसके बाद अनुरुद्ध यादव ने धारदार चाकू से हनीफ के सीने पर जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शुरुआती जांच में यह मामला गोलीबारी का लग रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की, जिससे कड़ियां जुड़ती गईं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुरुद्ध यादव को विदिशा के लाडपुर गांव से गिरफ्तार किया है, जबकि उसकी सहयोगी महिला सोना मीणा को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात के समय पहने खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







