मीटिंग में व्यस्त हूं, तत्काल पचास हजार रुपए भेजो

मीटिंग में व्यस्त हूं, तत्काल पचास हजार रुपए भेजो
– नगर निगम आयुक्त के नाम से प्रसारित हुए संदेश से मचा हडक़ंप, साइबर सेल ने की जांच शुरू
भोपाल यशभारत। मीटिंग में व्यस्त हूं, तत्काल पचास हजार रुपए भेजो। प्रशासनिक अधिकारियों के मोबाइल पर आया यह मैसेज भोपाल नगर निगम कमिश्रर संस्कृति जैन की ओर से संबोधित था। मैसेज को देख अधिकारी अचरच में पड़ गए और तुरंत कमिश्रर जैन से सपंर्क साधा। कमिश्रर ने मैसेज को फर्जी बताते हुए तुरंत सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की। इस संबंध में उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की है। सेल अब यह पता लगाने में जुटी है कि कमिश्नर के नाम से फर्जी फेसबुक और वॉट्सअप आइ्रडी किसने बनाई ।
साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोगों की मेहनत की कमाई को ठग निशाना बना रहे हैं। लोगों को झांसे में लेकर उनसे ठगी करने का तरीका भी ठग अपना रहे हैं। फेसबुक और वाट्सअप पर फेक आईडी बनाकर लोगों को ठग रहे हैं। लोगों को फ्रेंड अब जालसाजों ने नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश की है। इस फर्जी अकाउंट से निगम के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को संदेश भेजकर मीटिंग में व्यस्त हूं, तत्काल 50 हजार रुपये भेजो कहा गया। साथ ही एक एचडीएफसी बैंक अकाउंट का नंबर भी दिया गया, जिसमें रकम जमा करने के लिए कहा गया।
अधिकारियों को सचेत करते हुए की एडवाइजरी जारी
जब यह बात आयुक्त संस्कृति जैन के संज्ञान में आई, तो उन्होंने तत्काल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सचेत किया और एक एडवाइजरी जारी की। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी अनजान नंबर या फर्जी अकाउंट से यदि राशि मांगी जाए तो उसे इग्नोर करें और इसकी तुरंत सूचना उन्हें दें या साइबर सेल को सूचित करें। कमिश्रर ने कहा कि साइबर फ्रॉड का मामला है।
साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में साइबर अपराधों के मामले तेजी से बढ़े हैं। आम नागरिकों के साथ अब उच्च अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संस्थानों के प्रमुख भी इनकी चपेट में आ रहे हैं। जालसाज अक्सर अधिकारियों की फोटो और नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया या मैसेजिंग एप पर फर्जी अकाउंट बनाते हैं और भरोसे का फायदा उठाकर पैसे मांगते हैं। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में फर्जी नंबरों की पहचान करना मुश्किल नहीं, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं। ठग अक्सर मीटिंग में हूं, तत्काल मदद चाहिए या गोपनीय काम है जैसे बहाने बनाकर दबाव बनाते हैं।
साइबर सेल की अपील
भोपाल पुलिस की साइबर सेल ने भी नागरिकों को सावधान करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध संदेश या कॉल आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी भी लिंक पर क्लिक करने या बैंक डिटेल साझा करने से बचें। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फर्जी अकाउंट को रिपोर्ट कर ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है।
शिकायत की गई है
मेरे नाम से फजी आईडी बनाकर लोगों को ठगने की कोशिश की गई है, इस संबंध में साइबर सेल में शिकायत की गई है। लोग सावधान रहें और सतर्क रहें। इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं इसलिए सख्ती जरूरी है।
– संस्कृति जैन, कमिश्नर, नगर निगम भोपाल







