संदिग्ध परिस्थितियों में भोपाल के प्रधान आरक्षक की भिंड में मौत, महिला मित्र के घर गया था जवान

संदिग्ध परिस्थितियों में भोपाल के प्रधान आरक्षक की भिंड में मौत, महिला मित्र के घर गया था जवान
भोपाल, यशभारत। भोपाल पुलिस लाइन में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक की भिंड के कोतवाली थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरक्षक छुट्टी लेकर अपने गृह नगर आया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रधान आरक्षक उमेश दौहरे उम्र 37 साल भोपाल में कार्यरत था और बीती 14 अप्रैल को ही छुट्टी पर अपने घर भिंड आया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात वह भींड के गीता भवन वाली गली में स्थित अपनी एक महिला मित्र के घर गया हुआ था। वहीं रुकने के दौरान उसने अपने एक परिचित को फोन कर जानकारी दी थी कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो रही है।
गली में अचेत मिले, अस्पताल में तोड़ दिया दम
फोन पर सूचना मिलने के कुछ देर बाद उमेश गीता भवन गली में ही अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुँची 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाली टीआई बृजेंद्र सेंगर ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।






