उतरप्रदेशदेश

इश्क, धोखा और सड़क पर संग्राम! बाराबंकी में महिला ने प्रधान का गिरेबान पकड़कर जड़ा मुक्का

बोली- प्यार में फंसाया, गर्भपात कराया और अब भाग रहा है

बाराबंकी। शहर के कंपनी बाग इलाके में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने सरेआम एक ग्राम प्रधान की कार रोककर उसका गिरेबान पकड़ लिया और जमकर हंगामा काट दिया। देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला ने प्रधान पर प्यार में फंसाने, लिव-इन रिलेशनशिप में रखने, गर्भपात कराने और शादी से मुकरने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए उसे कार से बाहर खींचने की कोशिश की और मुक्का भी जड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका तमाशबीनों से भर गया। राहगीर मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे, जबकि महिला लगातार प्रधान पर धोखा देने का आरोप लगाती रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया।

प्यार का झांसा देकर जिंदगी बर्बाद कर दी

आवास विकास कॉलोनी निवासी मंजू ने मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र की ग्राम पंचायत कसौंजा के प्रधान एवं सपा नेता अनिल यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि अनिल यादव पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उनसे प्रेम संबंध बनाए और लंबे समय तक दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहे | महिला के अनुसार, इसी दौरान वह गर्भवती हो गईं, लेकिन प्रधान ने दबाव बनाकर उनका गर्भपात करा दिया। जब उन्होंने शादी की बात उठाई तो अनिल यादव उनसे दूरी बनाने लगे और विरोध करने पर धमकियां भी देने लगे।

कंपनी बाग में आमना-सामना होते ही फूटा गुस्सा

मंजू ने बताया कि शनिवार को उन्हें जानकारी मिली कि अनिल यादव कंपनी बाग क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद वह मौके पर पहुंच गईं। जैसे ही उनकी नजर प्रधान पर पड़ी, वर्षों से जमा गुस्सा फूट पड़ा। महिला ने कार के पास पहुंचकर प्रधान का गिरेबान पकड़ लिया और जवाब मांगने लगी। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

तलाकशुदा हैं महिला, बेटे और मां की कर रही परवरिश

महिला ने बताया कि उनका अपने पहले पति से तलाक हो चुका है। वह आशा बहू के रूप में कार्यरत हैं और अपने 9 वर्षीय बेटे व वृद्ध मां की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही हैं। उनका आरोप है कि प्रधान ने भरोसा तोड़कर उनकी जिंदगी संकट में डाल दी।

पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो पूरे प्रकरण की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी | फिलहाल, कंपनी बाग में हुआ यह हाईवोल्टेज ड्रामा पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेम, विश्वासघात और आरोपों की इस कहानी ने राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button