बंगाल में लाउडस्पीकर विवाद ने लिया हिंसक रूप, आसनसोल में पुलिस चौकी पर हमला
मस्जिद के माइक को लेकर शुरू हुआ विवाद

आसनसोल | आसनसोल में लाउडस्पीकर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मामला आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के जहांगीरी मोहल्ला का बताया जा रहा है, जहां मस्जिद में लगाए गए लाउडस्पीकर को लेकर शिकायत के बाद तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा माइक बंद कराने के प्रयास के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया।
सैकड़ों लोगों ने पुलिस चौकी को घेरा
विवाद बढ़ने पर जहांगीरी मोहल्ला के सैकड़ों लोग एकत्र होकर पुलिस चौकी के बाहर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई। उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी को चारों ओर से घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया।
चौकी में तोड़फोड़, वाहनों को पहुंचाया नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उपद्रवियों ने चौकी परिसर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। सड़क किनारे खड़ी कई मोटरसाइकिलों को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़कें पत्थरों व मलबे से भर गईं।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज, छोड़े आंसू गैस के गोले
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठीचार्ज किया और बाद में आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद उपद्रवी मौके से भाग निकले। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।







