शराब कांड से हड़कंप : 4 की मौत, ‘माफिया राज’ का आरोप; SIT जांच की मांग

सागर, यशभारत l देवरी विधानसभा क्षेत्र के गौरझामर अंतर्गत डोम जैतपुर में अवैध शराब पीने से चार ग्रामीणों की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी (सागर ग्रामीण) के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक पर तीखा हमला बोला है। मुहासा ने आरोप लगाया है कि पूरा सागर जिला शराब माफिया राज के हवाले कर दिया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने एक बयान जारी कर कहा कि अभी बंडा शराब कांड के जख्म भरे भी नहीं थे कि जैतपुर में अवैध शराब ने चार परिवारों के चिराग बुझा दिए। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहे शराब माफिया द्वारा की गई ‘सामूहिक हत्या’ है। खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की मौत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश और जिले में माफिया के हौसले बुलंद हैं। मुहासा ने यह भी आरोप लगाया कि केसली और गौरझामर में ग्रामीणों द्वारा 5 घंटे तक चक्का जाम करने के बाद ही प्रशासन की नींद टूटी।
कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
मुहासा ने जैतपुर और ईसुरवारा सहित जिले के प्रत्येक ब्लॉक में पुलिस और सत्ता के संरक्षण में अवैध शराब बिकने का आरोप लगाया। उन्होंने देवरी के स्थानीय विधायक बृज बिहारी पटेरिया पर निशाना साधते हुए प्रश्न किया कि जब जनता अपने परिजनों की मौत पर विलाप कर रही थी, तब वे वहां न्याय दिलाने गए थे या केवल भाषण देने। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते माफिया पर सख्ती की गई होती, तो आज चार लोगों की जान बच सकती थी।
जिला कांग्रेस कमेटी ने इस पूरे प्रकरण में प्रशासन से चार प्रमुख मांगें की हैं जैतपुर शराब कांड की उच्च स्तरीय एसआईटी (SIT) जांच कराई जाए तथा अवैध शराब विक्रेताओं के साथ उन्हें संरक्षण देने वाले पुलिस अधिकारियों और नेताओं पर भी हत्या का मुकदमा दर्ज हो।क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश न लगा पाने के कारण गौरझामर थाना प्रभारी को तत्काल पद से हटाया जाए।मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।जैतपुर और ईसुरवारा सहित पूरे जिले में अवैध शराब के अड्डों पर दिखावटी छापेमारी के बजाय बुलडोजर कार्रवाई की जाए।







