Top-5देशमुख्य ख़बरें

हाईजैक अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट हुई अंतरराष्ट्रीय उड़ान, विमान में पहुंचे सुरक्षा अधिकारी

जयपुर, यशभारत। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान को हाईजैक किए जाने की सूचना के बाद बुधवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सुरक्षा अलर्ट के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। विमान के उतरते ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी जांच के लिए उसके अंदर पहुंचे। फिलहाल विमान में किसी संदिग्ध गतिविधि की मौजूदगी या हाईजैक की सूचना की पुष्टि को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
 

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट एआई-2030 फ्रैंकफर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान को हाईजैक किए जाने संबंधी सूचना मिलने के बाद उसे जयपुर की ओर डायवर्ट किया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया और विमान के भीतर जांच की प्रक्रिया शुरू की। घटना के मद्देनजर एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, विमान ने मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे जर्मनी के फ्रैंकफर्ट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। इसे बुधवार सुबह करीब 4.15 बजे दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था, लेकिन निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही इसे जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।
 

विमान को जयपुर लाए जाने की सूचना मिलते ही संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी सक्रिय हो गए। लैंडिंग के बाद अधिकारियों ने विमान के अंदर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, हाईजैक अलर्ट का वास्तविक आधार क्या था, सूचना कहां से मिली और जांच में क्या सामने आया, इस संबंध में फिलहाल आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल विमान को जयपुर डायवर्ट किए जाने और सुरक्षा अधिकारियों के जांच के लिए उसमें पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button