जबलपुरमध्य प्रदेश

गाली-गलौज के विवाद में नाबालिग पर जानलेवा हमला, गले पर चाकू से वार

रांझी क्षेत्र में हुई वारदात,पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला

जबलपुर,यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र के गंगा मैया इलाके में बीती रात गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में 14 वर्षीय एक नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल किशोर की पहचान जॉनसन पिल्ले (14) निवासी गंगा मैया क्षेत्र, रांझी के रूप में हुई है। शनिवार शाम वह अपने कुछ परिचितों के साथ क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान आपसी बातचीत के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने धारदार हथियार से जॉनसन के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया।चिकित्सकों के अनुसार, किशोर के गले में गंभीर चोट आई है और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button