सरेराह वकील की कार रोकी, बेसबॉल बैट दिखाकर जान से मारने की दी धमकी

सरेराह वकील की कार रोकी, बेसबॉल बैट दिखाकर जान से मारने की दी धमकी
रैश ड्राइविंग पर समझाइश देने पर विवाद; थार सवार 7-8 युवकों पर अभद्रता का आरोप, दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र अंतर्गत दाता कॉलोनी के पास रविवार रात करीब 11:45 बजे रैश ड्राइविंग का विरोध करने पर दबंगों ने एक वकील की कार रोककर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि थार सवार 7-8 युवकों ने एडवोकेट शादाब खान और उनके भाइयों को घेरकर अभद्रता की, बेसबॉल बैट लहराए और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, एडवोकेट शादाब खान 13 सितंबर की रात अपने भाइयों के साथ ढाबे से खाना खाकर कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में थार सवार कुछ युवक बेहद तेज और लापरवाही से वाहन चला रहे थे। शादाब ने जब उन्हें रोककर समझाइश देने का प्रयास किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गए। आरोप है कि दाता कॉलोनी के पास युवकों ने थार कार को वकील की गाड़ी के आगे अड़ाकर रास्ता रोक दिया और उन्हें घेर लिया।
पिस्टल दिखाने का आरोप, वीडियो में नहीं आई नजर
पीड़ित वकील का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी बेसबॉल बैट निकाल लाए और जान से मारने की धमकियां देने लगे। इसी बीच एक अन्य वाहन से पहुंचे व्यक्ति पर पिस्टल तानने का भी आरोप है। हालांकि, शादाब द्वारा बनाए गए मोबाइल वीडियो में पिस्टल दिखाई नहीं दे रही है।
थाने पहुंचे दोनों पक्ष, एफआईआर होना बाकी
घटना के तुरंत बाद शादाब शिकायत दर्ज कराने कोहेफिजा थाने पहुंचे। कुछ ही देर बाद दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया और उसने भी शादाब व उनके साथियों पर अभद्रता और धमकी देने के उल्टे आरोप लगाए। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आवेदन ले लिए गए हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। वीडियो फुटेज और आरोपों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







