कलयुगी बेटा-बहू संपत्ति के लिए बने जाने के दुश्मन, बंधक बनाकर करते हैं मारपीट -मां की मौत के बाद जेवरात चुराए, बैंक खाते से पैसा भी निकाल कर हड़प लिया

कलयुगी बेटा-बहू संपत्ति के लिए बने जाने के दुश्मन, बंधक बनाकर करते हैं मारपीट
-मां की मौत के बाद जेवरात चुराए, बैंक खाते से पैसा भी निकाल कर हड़प लिया
भोपाल, यशभारत।
राजधानी में कलयुगी बेटा-बहू ने एक अधेड़ व्यक्ति की चल-अचल संपत्ति को अपने नाम करने के लिए सारी हदें पार कर दी। बेटा अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिता को बंधक बनाकर मारपीट करता रहा और मां की मौत के बाद उनके जेवरात चुराकर गिरवी रख दिए। इतना ही नहीं बहू अपने पिता समान ससुर को बात न मानने पर झूठे केस में फंसा कर जेल भिजवाने की धमकी देकर प्रताडि़त करती है। पिपलानी थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी बेटा-बहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी चंद्रिका यादव ने बताया कि मूलत:गंगराज जिला चित्तोडग़ढ़ राजस्थान निवासी गौरशंकर पाराशर पुत्र स्व. रामचरण(55) प्राइवेट काम करते हैं। वह यहां शिवलोक फेस-4 खजूरी कलॉ में अपने बेटे प्रणव और बहू रानी के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी की पूर्व में मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद जनवरी 2024 से उनका बेटा प्रणव पाराशर और बहू रानी ने उनकी चल-अचल संपत्ति को अपने नाम कराने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया था। जब उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया तो बेटा-बहू उन्हें बंधक बनाकर मारपीट करने लगे। इस दौरान बेटा और बहू ने उनकी पत्नी के जेवरात चुराकर गिरवी रख दिए साथ ही पत्नी व उनके बैंक खाते से उनकी मर्जी के बिना पैसा निकाल लिया। इतना ही नहीं बहू उन्हें झूठे केस में फंसा कर जेल भेजने की धमकी देती थी। कलयुगी बेटा व बहू ने उन्हें संपत्ति के लिए मई 2025 तक कई तरह से प्रताडि़त किया। वह किसी तरह कलयुगी बेटा-बहू के चंगुल से छूट कर अपने पैतृक गांव पहुंचे। जहां पर उन्होंने गंगराज पुलिस में शिकायत कर आरोपी बेटा-बहू के खिलाफ लिखित शिकातय की थी। चूंकि घटना स्थल भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र का था, इस लिए गंगराज थाना पुलिस ने शून्य पर केस दर्ज आगे की कार्रवाई के लिए केस डायरी भोपाल भेजी थी। केस डायरी मिलने के बाद पिपलानी थाना पुलिस ने असल में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







