जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

जबलपुर में बंद मिली खाद-बीज दुकान ‘हनुमंत फर्टिलाइजर’ सील, किसानों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

 

जबलपुर: किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशों पर जिले में कृषि आदान विक्रय प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में, आज शुक्रवार को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के अधिकारियों ने विकासखंड सिहोरा के ग्राम जुझारी स्थित हनुमंत फर्टिलाइजर को सील कर दिया है। यह कार्रवाई दुकान के लगातार कई दिनों से बंद रहने और निरीक्षण में सहयोग न करने पर की गई है।


 

किसानों की शिकायतें बनीं आधार

 

उप संचालक कृषि डॉ. एस.के. निगम ने बताया कि क्षेत्र के किसानों से भी इस प्रतिष्ठान के लगातार बंद रहने की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने जानकारी दी कि शुक्रवार को जब उर्वरक निरीक्षक सिहोरा जयपाल सिंह राठौर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा श्रीमती मनीषा पटेल और सहायक संचालक रवि आम्रवंशी निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो उन्हें भी यह प्रतिष्ठान बंद मिला।

कृषि अधिकारियों ने मौके से ही प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर आदर्श चतुर्वेदी से मोबाइल फोन पर संपर्क किया ताकि दुकान खुलवाई जा सके, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे। दोबारा संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।


 

निरीक्षण में असहयोग पर सख्त कार्रवाई

 

डॉ. निगम ने बताया कि पहले भी ऐसी स्थिति बन चुकी है, जिसके कारण इस प्रतिष्ठान का कभी निरीक्षण नहीं हो पाया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में सहयोग न करने की स्थिति में, नियमानुसार पंचनामा बनाकर हनुमंत फर्टिलाइजर के प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया है और नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है।

इसके साथ ही, प्रोपराइटर को मोबाइल फोन पर सूचित कर यह निर्देश दिए गए हैं कि उर्वरक निरीक्षक और जिला स्तरीय कृषि अधिकारियों की उपस्थिति में ही सील खुलवाकर प्रतिष्ठान का निरीक्षण कराया जाए। इस निरीक्षण के बाद ही उन्हें किसानों को कृषि सामग्री का वितरण करने की अनुमति होगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद-बीज विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है और यह संदेश भी गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button