यूथ कांग्रेस चुनाव में जबलपुर का जलवा — ऋषभ मिश्रा प्रदेश में दूसरे और सक्षम गुलाटी सातवें स्थान पर, दोनों बने प्रदेश महासचिव

जबलपुर, यश भारत। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के चुनाव परिणामों में इस बार जबलपुर ने इतिहास रच दिया है। शहर के दो युवा नेताओं ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर संगठन में जबलपुर का मान बढ़ाया है।
ऋषभ मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14,699 मतों के साथ पूरे जबलपुर में प्रथम स्थान और प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं, सक्षम गुलाटी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10,792 मतों से प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया है।

दोनों युवा नेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और संगठन के प्रति सक्रिय भूमिका के आधार पर प्रदेश महासचिव पद की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। इस उपलब्धि से जबलपुर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है।
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह परिणाम जबलपुर की संगठनात्मक सशक्तता और युवा नेतृत्व की बढ़ती ताकत का प्रतीक है। ऋषभ मिश्रा और सक्षम गुलाटी दोनों ही लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं और युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ रही है।







