
जबलपुर। स्वस्थ महिला – सशक्त महिला” विषय पर बडेरिया ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट एवं अपोलो हॉस्पिटल, जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की सुरक्षा एवं सफाई महिला कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. के. सिवा स्री तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा उड्डे को आमंत्रित किया गया।

डॉ. के. सिवा स्री ने महिला कर्मचारियों को स्तन कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान करते हुए इसके लक्षण, समय पर जांच और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं डॉ. मनीषा उड्डे ने अपने संबोधन में महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। बडेरिया ग्लोबल इंजीनियरिंग महाविद्यालय की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. निहारिका यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि परिवार की महिला स्वस्थ और सशक्त रहेगी, तभी वह अपने परिवार, कार्यस्थल और समाज की जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा पाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मियों को अपोलो हॉस्पिटल, जबलपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल कार्ड उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। संस्था के चेयरमैन डॉ. सौरभ बडेरिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसके सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. वंदना पाठक, डॉ. शिल्पा अग्रवाल एवं श्रीमती प्रियंका सिंह का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा।







