अशोक विहार चौराहे पर सडक़ किनारे लग रहा अवैध बाजार, यातायात हो रहा बाधित – ठेले और अस्थायी दुकानों से रोज बनती है जाम की स्थिति, स्थानीय लोग परेशान

अशोक विहार चौराहे पर सडक़ किनारे लग रहा अवैध बाजार, यातायात हो रहा बाधित
– ठेले और अस्थायी दुकानों से रोज बनती है जाम की स्थिति, स्थानीय लोग परेशान
फोटो कैप्शन – समय सुबह 11 बजे – अशोक विहार चौराहे पर सामान्य यातायात।
फोटो कैप्शन – समय रात 9 बजे – अशोक विहार चौराहे पर जाम की स्थिति।

भोपाल, यशभारत। राजधानी में एक ओर नगर निगम द्वारा शहर भर में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में सडक़ किनारे लगने वाले अवैध बाजार अब भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। ऐसा ही हाल अशोक विहार चौराहे का है, जहां सडक़ किनारे लगने वाले ठेले और अस्थायी दुकानों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
लोगों के अनुसार चौराहे के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में ठेले, फल-सब्जी की दुकानें और अन्य अस्थायी दुकानें लग जाती हैं। इन दुकानों के कारण सडक़ का बड़ा हिस्सा घिर जाता है, जिससे वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। परिणामस्वरूप यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के रहवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के समय स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जब यातायात का दबाव बढ़ जाता है। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। कई बार जाम के कारण वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध बाजार को हटाया नहीं गया तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ सकती है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि अशोक विहार चौराहे पर सडक़ किनारे लगने वाले अवैध ठेलों और दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके।







