भोपाल में मानवता शर्मसार: बदमाशों ने युवक को निर्वस्त्र कर पीटा, चेहरे पर किया पेशाब; वीडियो वायरल

भोपाल में मानवता शर्मसार: बदमाशों ने युवक को निर्वस्त्र कर पीटा, चेहरे पर किया पेशाब; वीडियो वायरल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कमला नगर और हनुमानगंज थाना क्षेत्र में वर्चस्व की जंग और दहशत फैलाने की एक बेहद घिनौनी वारदात सामने आई है। कुख्यात बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर उसे न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर उसके चेहरे पर पेशाब भी किया। अपनी क्रूरता को सोशल मीडिया पर प्रचारित करने के लिए बदमाशों ने इसका वीडियो भी इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को नादरा बस स्टैंड से बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक को बहाने से बुलाया और उसे किडनैप कर लिया। पीड़ित मजदूरी का काम करता है। बदमाशों ने उसे सुनसान जगह ले जाकर बेल्ट, लात-घूसों और धारदार चाकू से घंटों पीटा। पीड़ित लगातार अपनी जान बख्शने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी उस पर अत्याचार करते रहे।
गैंगवार का नतीजा
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित युवक जेल में बंद उमेश बम लहरी गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। इलाके में वर्चस्व कायम करने और उमेश बम लहरी की गैंग को नेस्तनाबूद करने के इरादे से ही आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी दहशत फैलाने के लिए उसे बर्बरता से प्रताड़ित कर रहे थे।
हाल ही में जेल से बाहर आए हैं आरोपी
वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों में प्रेम थापा, गट्टू पिस्टल और एक नाबालिग शामिल हैं। ये तीनों अपराधी हाल ही में
जेल या बाल सुधार गृह से छूटकर बाहर आए हैं:
प्रेम थापा: दो महीने पहले सेंट्रल जेल से रिहा हुआ।
नाबालिग: 20 दिन पहले सिवनी बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया।
गट्टू पिस्टल: महज 10 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया है।
पुलिस की कार्रवाई में देरी पर सवाल
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत रविवार को कमला नगर थाने में दी थी। क्षेत्राधिकार को लेकर उलझन के चलते मामला हनुमानगंज थाने भेजा गया, जहाँ मंगलवार देर रात एफआईआर दर्ज की गई। हनुमानगंज टीआई अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़ित ने शुरुआत में पेशाब करने वाली बात नहीं बताई थी, जो बाद में सामने आई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होंगे। शहर में हुई इस जघन्य घटना ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





