होटल में रुके युवक-युवती से हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने की बदसलूकी, चेहरा काला कर घुमाया

होटल में रुके युवक-युवती से हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने की बदसलूकी, चेहरा काला कर घुमाया
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गौतम नगर थाना क्षेत्र स्थित प्राइड होटल में रविवार शाम उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने होटल में ठहरे युवक-युवती को पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट कर उसके चेहरे पर कालिख और गोबर पोत दिया। इसके बाद उसे अर्धनग्न हालत में ही पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलते ही गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षा घेरे में लेकर थाने आई।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान जहांगीराबाद निवासी आरिफ खान उम्र 27 साल और युवती की पहचान अयोध्या नगर निवासी के रूप में हुई है। घटना से करीब दो घंटे पहले ही दोनों ने होटल में चेक-इन किया था। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि मामला ‘लव जिहाद’ से जुड़ा है, इसलिए उन्होंने विरोध दर्ज कराया।
युवती बोली- 5 साल से लिव-इन में हैं, नहीं चाहती कोई कार्रवाई
मामले में उस वक्त नया मोड़ आया जब युवती ने पुलिस को बताया कि वह आरिफ के साथ पिछले पांच साल से लिव-इन रिलेशनशिप में है। युवती ने अपने साथ किसी भी तरह की जबरदस्ती या दुराचार से साफ इनकार किया है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरिफ हाल ही में जेल से छूटकर आया था। युवती जिस स्थान पर रह रही है, वहां बाहरी लोगों का आना प्रतिबंधित है, इसलिए दोनों बातचीत करने के लिए होटल पहुंचे थे। युवती ने युवक के खिलाफ किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया है।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, आधा दर्जन मामले दर्ज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरिफ खान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ कोहेफिजा, हनुमानगंज, गुनगा और गोविंदपुरा थानों में धोखाधड़ी, चोरी और अमानत में खयानत जैसे आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वर्तमान में कोर्ट में भी उसके खिलाफ 5 केस चल रहे हैं। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
संगठन ने झाड़ा पल्ला
घटना के बाद उपजे विवाद पर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी जितेंद्र चौहान ने स्पष्ट किया कि इस घटना से बजरंग दल का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद लोग बजरंग दल के पदाधिकारी नहीं थे। फिलहाल गोविंदपुरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।







