जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

हाईवे पर आग का कहर: ट्रेलर और ट्रक की भिड़ंत में दो जिंदा जले, दो गंभीर

बाराबंकी

हाईवे पर आग का कहर: ट्रेलर और ट्रक की भिड़ंत में दो जिंदा जले, दो गंभीर

बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम चौबीसी के पास मुर्गी दाना लदे ट्रक में पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रेलर जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग की लपटें उठने लगीं और पूरा इलाका दहशत से भर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ट्रेलर में सवार लोग अंदर ही फंस गए और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई। आग की भयावह लपटों के बीच दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान निगोहा थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव निवासी मनोज कुमार (40) और एक अन्य घायल को गंभीर हालत में बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक शव मुर्गी दाना के बोरो के नीचे दब गया था, जिसे करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार सुबह बरामद किया जा सका। आग से दोनों शव बुरी तरह झुलस गए, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है।दुर्घटना के बाद हाईवे पर लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

प्रभारी निरीक्षक हैदरगढ़ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि हादसे में मृत दोनों व्यक्तियों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं के खतरे की भयावह तस्वीर सामने लाता है, जहां कुछ ही सेकंड में दो लोगों की जिंदगी आग की लपटों में समा गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button