हिंदी ग्रंथ अकादमी को मिलेगी नई रफ्तार, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार आज करेंगे प्रबंध मंडल की बैठक

हिंदी ग्रंथ अकादमी को मिलेगी नई रफ्तार, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार आज करेंगे प्रबंध मंडल की बैठक
भोपाल, यशभारत। प्रदेश के विद्यार्थियों और शोधार्थियों तक प्रामाणिक व उपयोगी हिंदी अध्ययन सामग्री सुलभ कराने वाली मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी अब अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का दायरा और बढ़ाने जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को मंत्रालय में अकादमी के प्रबंध मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में अकादमी के सुदृढ़ीकरण और भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं को लेकर कई बड़े निर्णय लिए जाने की संभावना है।
बैठक का मुख्य फोकस अकादमी की कार्यप्रणाली को आधुनिक समय की जरूरतों के मुताबिक और अधिक प्रभावी बनाना तथा पुस्तकों के प्रकाशन व प्रसार के दायरे को व्यापक करना है। जानकारों का मानना है कि इस उच्चस्तरीय मंथन से न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को लाभ मिलेगा, बल्कि उच्च शिक्षा स्तर पर हिंदी माध्यम में पठन-पाठन और शोध कार्यों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।







