अब एक क्लिक पर मिलेगी मेडिकल रिसर्च की दुनिया: बीएमसी में शुरू हुई हाईटेक ई-लाइब्रेरी

सागर यशभारत ।बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) की शैक्षणिक और शोध सुविधाओं में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। कॉलेज में यूजी-पीजी मेडिकल छात्रों, पैरामेडिकल, नर्सिंग विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी की शुरुआत की गई है। नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) द्वारा विकसित ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर के माध्यम से शुरू हुई इस डिजिटल सुविधा से विद्यार्थियों को नवीनतम मेडिकल जानकारी, पढ़ाई और शोध सामग्री तक आसान पहुंच मिलेगी।
मोबाइल और लैपटॉप पर भी रहेगी सुविधा
ई-लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थी अब एक ही क्लिक पर हजारों राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल्स, डिजिटल किताबों और शोध-पत्रों को ऑनलाइन एक्सेस कर सकेंगे। इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छात्र अपने मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप के जरिए कहीं से भी इसका उपयोग कर सकते हैं।
किफायती और पारदर्शी व्यवस्था
शुभारंभ अवसर पर बीएमसी डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर ने बताया कि ई-ग्रंथालय सॉफ्टवेयर बाजार के अन्य महंगे सॉफ्टवेयरों की तुलना में काफी किफायती और आधुनिक है। उन्होंने बताया कि किताबों के इश्यू और जमा होने की तुरंत जानकारी ई-मेल और मोबाइल पर मिलेगी। साथ ही, 15 दिन की समय-सीमा पूरी होने पर स्वचालित अलर्ट (Auto-alert) भी भेजा जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी।
बीएमसी के मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि डिजिटल युग में मेडिकल शिक्षा को अपडेट रखना जरूरी है। ई-लाइब्रेरी छात्रों को दुनिया भर में हो रहे नवीनतम मेडिकल रिसर्च से सीधे जोड़ेगी, जिससे कॉलेज में उच्च स्तरीय शोध को बढ़ावा मिलेगा।
शुभारंभ के मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. रमेश पांडे, लाइब्रेरी प्रभारी डॉ. अमरनाथ गुप्ता, डॉ. शोभित तोमर, डॉ. दिनेश जैन, डॉ. आशीष जैन, डॉ. देवेंद्र अहिरवार, डॉ. नीरज गोस्वामी सहित बीएमसी स्टाफ और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।







