प्रदेशभर में आज से हेलमेट चेकिंग अभियान – बिना हेलमेट चालान और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
प्रदेशभर में आज से हेलमेट चेकिंग अभियान
– बिना हेलमेट चालान और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। दोपहिया वाहन चालकों के लिए अब हेलमेट को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आज से पूरे मध्य प्रदेश में विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। यह अभियान 10 मई तक चलाया जाएगा। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर चालान काटने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस विभाग के अनुसार सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान शहरों और हाईवे पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट नहीं पहनने से हो रही सबसे ज्यादा मौतें
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसों में बड़ी संख्या में मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती हैं। आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में करीब 50 प्रतिशत मृतकों में दोपहिया वाहन चालक शामिल होते हैं, जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण कई मामलों में मौके पर ही जान चली जाती है।
इन्हीं हादसों को कम करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने हेलमेट को अनिवार्य रूप से पहनने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का मानना है कि यदि लोग यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट पहनें, तो सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या काफी हद तक कम की जा सकती है।
पुलिस मुख्यालय ने जारी किए निर्देश
इस संबंध में मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं। एडीजी पीटीआरआई विवेक शर्मा ने बताया कि प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग न करना है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग गंभीर है और लोगों को जागरूक करने के साथ नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।







