भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौके पर मौत

नरसिंहपुर ।जिले के करेली थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलिया रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलिया रोड पर ट्रक क्रमांक एमपी 49 जी 1211 सड़क किनारे खड़ा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक क्रमांक एमपी 49 जेडसी 7030 अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही करेली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने के साथ यह जानकारी जुटा रही है कि वह हादसे के समय कहां से आ रहा था और कहां जा रहा था। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस की जांच के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आएंगी।






