शनिवार से रांझी, घमापुर, कांचघर और खमरिया में दो समय होगी जलापूर्ति, बारिश से जलस्रोतों में सुधार, बरगी नहर से रांझी जल संशोधन संयंत्र को भी मिलने लगा पानी

यश भारत। बारिश की स्थिति में सुधार और जलस्रोतों में पानी की उपलब्धता बढ़ने के बाद रांझी, घमापुर, कांचघर और खमरिया क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य होने जा रही है। पिछले दिनों इन क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण एक समय ही जलापूर्ति की जा रही थी। अब शनिवार से दो समय नियमित जलापूर्ति शुरू की जाएगी।
जल प्रभारी दामोदर सोनी ने बताया कि बारिश की स्थिति में सुधार होने से परियट डैम में पर्याप्त पानी आ गया है। वहीं, बरगी से रांझी जल संशोधन संयंत्र को नहर के माध्यम से मिलने वाली पानी की सप्लाई भी बंद थी, जिसे विधायक अशोक रोहाणी के प्रयासों से पुनः शुरू करवाया गया है। अब बरगी नहर के माध्यम से रांझी संयंत्र को पर्याप्त पानी मिलने लगेगा।
उन्होंने बताया कि दोनों स्रोतों से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद रांझी जल संशोधन संयंत्र की क्षमता के अनुसार जलापूर्ति सुचारु रूप से संचालित की जा सकेगी। शनिवार से रांझी, घमापुर, कांचघर और खमरिया क्षेत्र में दोनों समय जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे रहवासियों को राहत मिलेगी और व्यवस्था सामान्य हो सकेगी।







