भोपालमध्य प्रदेश

ठगी: एम्स में नर्स बनवाने के नाम पर युवती से 50 हजार ऐंठे, आरोपी गिरफ्तार

ठगी: एम्स में नर्स बनवाने के नाम पर युवती से 50 हजार ऐंठे, आरोपी गिरफ्तार

सीहोर की युवती भोपाल में निजी अस्पताल में करती है काम, झांसा देने वाले दोनों युवक भी परिचित

भोपाल, यशभारत। राजधानी के बागसेवनिया थाना इलाके में जालसाजों द्वारा सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवती को एम्स भोपाल में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का सब्जबाग दिखाया और उससे 50 हजार रुपए नकद ऐंठ लिए। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि उसका साथी फरार बताया जा रहा है।

अस्पताल की नौकरी छुड़वाने का दिया झांसा
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता प्रिया राठौर (30 वर्ष) मूलतः सीहोर की रहने वाली है और भोपाल से नर्सिंग की पढ़ाई करने के बाद एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत है। उसकी पहचान सीहोर के ही रहने वाले मुकुल त्यागी और अमर छावा से थी। आरोपियों को पता था कि प्रिया सरकारी नौकरी की तलाश में है। उन्होंने पीड़िता को झांसा दिया कि उनकी एम्स प्रबंधन में ऊपर तक सेटिंग है और वे उसे वहां पक्की नौकरी दिलवा देंगे।

साल भर तक घुमाते रहे आरोपी
जालसाजों के झांसे में आकर प्रिया ने डेढ़ साल पहले उन्हें 50 हजार रुपए नकद सौंप दिए। इसके बाद जब भी वह नौकरी के बारे में पूछती, आरोपी बहानेबाजी कर उसे टाल देते। साल भर बीतने के बाद भी जब नियुक्ति पत्र नहीं मिला और आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस की शरण ली।

एक सलाखों के पीछे, दूसरे की तलाश जारी
बागसेवनिया थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जांच के बाद मुकुल और अमर के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमर छावा को गिरफ्तार कर लिया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी मुकुल त्यागी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button